“युवाओं की आवाज़ बुलंद करने की तैयारी, आर्य वीर पार्टी ने गठित की सोशल मीडिया सेल”
आर्य वीर पार्टी की तीन सदस्यीय सोशल मीडिया इकाई गठित
युवा नीति, जातिगत आरक्षण और UGC-2026 की वापसी के लिए संघर्ष का निर्णय
नई दिल्ली। आर्य वीर पार्टी की जेसी होटल में आयोजित बैठक में युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में देश के युवाओं में बढ़ती निराशा और हताशा को दूर करने, उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने तथा उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी युवा नीति की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में पार्टी ने जातिगत आरक्षण व्यवस्था तथा UGC-2026 को वापस लेने की मांग को लेकर संघर्ष आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य, समान अवसर और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
पार्टी की सोशल मीडिया गतिविधियों को अधिक प्रभावी, संगठित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए तीन सदस्यीय सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया। इसमें कम्प्यूटर इंजीनियर आनंद चौबे, हर्षित गुरेजा और अरिन्दम मिश्र को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय महासचिव हर्ष राज पाण्डेय उपस्थित नहीं हो सके। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष एल. एन. गौतम, रमेश चन्द्र सिसोदिया, विशाल चन्द्र पाण्डेय, मोहन लाल गुरेजा, सैयद हसन अलवी, आनंद चौबे, मुन्ना लाल शुक्ला, अरिन्दम मिश्र, इमरान खान, जनसेवक राजा दास, मुंबई से बाला जी सावरकर, हर्षित गुरेजा तथा मनोज पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी नेतृत्व ने नवगठित सोशल मीडिया सेल से संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई।
Comments
Post a Comment